
Ram Navami 2024: चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व 9 अप्रैल से शुरू हो रहा है। इस नौ दिवसीय उत्सव के आखिरी दिन राम नवमी मनाई जाती है। इस वर्ष राम नवमी 17 अप्रैल 2024 को मनाई जा रही है। राम नवमी भगवान विष्णु के अवतार भगवान श्री राम की जयंती का त्योहार है। इस दिन अयोध्या में राजा दशरथ के घर श्री राम का जन्म हुआ था। अयोध्या राम जी की जन्मस्थली है, जहां वर्षों के संघर्ष के बाद राम मंदिर का निर्माण हुआ। इसके अलावा अपने 14 वर्ष के वनवास के दौरान वे कई स्थानों पर रहे और समुद्री मार्ग से लंका पहुंचे, जहां उन्होंने लंका के राजा रावण का वध किया।
Ram Navami 2024
अगर आप रामनवमी (Ram Navami 2024) के मौके पर भगवान श्री राम के दर्शन करना चाहते हैं तो आप अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर जा सकते हैं। इसके अलावा देश में कई प्राचीन और भव्य राम मंदिर हैं, जहां आप दर्शन के लिए जा सकते हैं। यहां देश के सबसे प्रमुख राम मंदिरों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
रघुनाथ मंदिर
भगवान श्री राम का अत्यंत प्रसिद्ध रघुनाथ मंदिर उत्तरी भारत यानि जम्मू-कश्मीर में स्थित है। वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालु रघुनाथ मंदिर के दर्शन जरूर करना पसंद करते हैं। इस मंदिर में भगवान राम माता सीता और लक्ष्मण जी के साथ विराजमान हैं। यहां रामायण और महाभारत के पात्रों की झलक भी देखने को मिलती है।

राजा राम मंदिर
पूरे देश में यह एकमात्र स्थान है जहां भगवान राम को राजा राम के रूप में पूजा जाता है। मध्य प्रदेश के ओरछा जिले में उनका महल जैसा मंदिर है। यहां साल भर भक्तों की भीड़ लगी रहती है। इस मंदिर में प्रतिदिन भगवान श्री राम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है और शस्त्र सलामी दी जाती है।
रामास्वामी मंदिर
दक्षिण भारत में भी राम जी का भव्य मंदिर है। तमिलनाडु के रामास्वामी मंदिर में भगवान राम की पूजा की जाती है। अधिकांश मंदिरों में श्री राम के साथ माता सीता और लक्ष्मण जी की मूर्तियाँ भी हैं। रामास्वामी देश का एकमात्र मंदिर है, जहां श्री राम, सीता जी, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न मौजूद हैं। इस मंदिर की नक्काशी महाकाव्य रामायण के अनुसार घटी प्रसिद्ध घटनाओं को दर्शाती है।